Kawardha Latest News: नवोदय परीक्षा देने जा रहे छात्र की करंट से मौत, टूटे बिजली तार की चपेट में आने से बुझा घर का चिराग

Kawardha Latest News: नवोदय परीक्षा देने जा रहे छात्र की करंट से मौत, टूटे बिजली तार की चपेट में आने से बुझा घर का चिराग

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। जिले के ग्राम पंचायत मंझोली में बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से आठवीं कक्षा के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। छात्र नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण उचित मुआवजे और जिम्मेदार अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र राकेश निर्मलकर आठवीं कक्षा में पढ़ता था। वह नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा देने के लिए बाइक से घर से निकला था। पहले वह खेत की ओर गया और वहां से स्कूल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में जमीन पर टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस दिन वह अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रवेश परीक्षा देने जा रहा था, उसी दिन हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जमीन पर टूटकर गिरे बिजली तार की जानकारी पहले ही विभाग को दी जा चुकी थी, लेकिन शिकायत के बावजूद समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विभाग ने समय पर कार्रवाई की होती तो छात्र की जान बचाई जा सकती थी।

हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाने और उचित मुआवजे की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। करीब चार घंटे तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने तक विरोध जारी रखने पर अड़े रहे।


Related Articles