Raigarh Latest News: मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 जेसीबी समेत 6 मशीनें जब्त

Raigarh Latest News: मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 जेसीबी समेत 6 मशीनें जब्त

Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रायगढ़ शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर देवरी और लेबड़ा गांव के पास स्थित लेबड़ाघाट में मांड नदी पर चल रहे अवैध रेत उत्खनन के मामले में विभाग की टीम ने सुबह-सुबह दबिश दी। इस दौरान मौके से चार जेसीबी, एक चैन माउंटेन मशीन और एक ट्रैक्टर लोडर समेत कुल छह मशीनें और वाहन जब्त किए गए।

जानकारी के अनुसार, लेबड़ाघाट में मांड नदी से लंबे समय से अवैध रूप से रेत निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। खनिज विभाग को लगातार इसकी सूचना दी जा रही थी, लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही उत्खनन में लगे लोग फरार हो जाते थे। इस बार विभाग ने रणनीति के तहत सुबह-सुबह कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर अवैध उत्खनन में इस्तेमाल हो रही मशीनों को जब्त कर लिया।

एक साथ छह मशीनों और वाहनों की जब्ती से क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध रेत उत्खनन की आशंका सामने आई है। कार्रवाई के बाद अब खनिज विभाग इस बात की जांच में जुटा है कि लंबे समय से मांड नदी में अवैध उत्खनन किसके इशारे पर चल रहा था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। विभाग रेत उत्खनन से जुड़े लोगों के नेटवर्क और पूरे मामले के सूत्रधारों की जानकारी जुटा रहा है।

खनिज विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रेत उत्खनन में शामिल लोगों के बीच हड़कंप मच गया है। अब निगाहें विभाग की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं कि मशीनों की जब्ती के बाद अवैध उत्खनन के इस नेटवर्क से जुड़े जिम्मेदार लोगों पर कब और क्या कार्रवाई होती है।


Related Articles