Women Reservation Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी किया है। इसमें उन्होंने महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी दिलाने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि सरकार नारी शक्ति से किया गया वादा पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएम मोदी ने कहा, “हमारा हौसला बुलंद है, हमारी हिम्मत अटूट है और हमारा इरादा अडिग है।”
प्रधानमंत्री ने वीडियो के साथ पोस्ट में लिखा कि सरकार ने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि देश की सभी महिलाओं का आशीर्वाद सरकार के साथ है।
पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वह भी वर्षों से इस दिशा में प्रयास करने वालों में शामिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं उनसे इस विषय पर अपनी बात रखती रही हैं और अनेक बहनों ने पत्र लिखकर महिला आरक्षण को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं।
प्रधानमंत्री ने देश की हर महिला को भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार का हौसला बुलंद है और इरादा अडिग है।
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर केंद्र सरकार संसद में आगे की प्रक्रिया की तैयारी कर रही है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से प्रस्तावित है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। संसद का विशेष सत्र 3 दिसंबर तक चलने की संभावना है।
प्रस्तावित विधेयकों के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ने का प्रावधान है। सरकार की योजना है कि विधेयक पारित होने और संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव से महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार हो सके।

