Balrampur News: रामचंद्रपुर में बाल विवाह के खिलाफ रोज निकल रही जागरूकता रैलियां, 100 दिवसीय महाअभियान से गांव-गांव पहुंच रहा संदेश

Balrampur News: रामचंद्रपुर में बाल विवाह के खिलाफ रोज निकल रही जागरूकता रैलियां, 100 दिवसीय महाअभियान से गांव-गांव पहुंच रहा संदेश

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर: बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जनजागरूकता की मुहिम तेज हो गई है। लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान एवं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन (JRC) के संयुक्त तत्वावधान में ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ के 100 दिवसीय महाअभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों, ग्राम पंचायतों और महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान की चाइल्ड सोशल वर्कर (CSW) सोनाली सोनी, चांदनी कुशवाहा एवं प्रिया खाखा के नेतृत्व और संचालन में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों के सुरक्षित बचपन, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण करना है।

वहीं, दीपक कुमार गिरी प्रतिदिन विभिन्न गांवों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर ग्रामीणों, युवाओं एवं अभिभावकों को बाल विवाह रोकने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस दौरान लोगों को बाल विवाह निषेध से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के साथ ही बाल विवाह के खिलाफ शपथ भी दिलाई जा रही है। इसके साथ ही जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

जागरूकता रैलियों और सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों तथा महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया जा रहा है।

बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प जरूरी

अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग से अपील की जा रही है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए आगे आएं। बच्चों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर दें। अभियान का मूल संदेश है कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक जिम्मेदारी और जागरूकता से ही संभव है।


Related Articles