Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी अंतर की पूरी राशि

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी अंतर की पूरी राशि

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। सरकार ने इस वर्ष किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का फैसला किया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी और किसानों को दी जा रही सुविधाओं को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस तरह आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ देश के किसी अन्य राज्य में नहीं मिल रहा है। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए लगातार फैसले ले रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धान खरीदी की व्यवस्था ऐसी बनाई जा रही है, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें अधिकतम सुविधाएं मिल सकें। इसके लिए खरीदी केंद्रों से लेकर अन्य व्यवस्थाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। अलग-अलग क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “मैं स्वयं किसान का बेटा हूं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को भलीभांति समझता हूं। इसलिए हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उनके खातों में प्रदान की जाएगी। हमारी सरकार चाहती है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण इस लाभ से वंचित न रहे।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो, इसी उद्देश्य से नीतिगत निर्णय लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है। धान खरीदी से लेकर आर्थिक सहायता और सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्नदाताओं की समृद्धि ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।


Related Articles