Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी अंतर की राशि

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगी अंतर की राशि

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि प्रदान की जाएगी। किसानों को राहत देने के इस फैसले के तहत 21 क्विंटल की सीमा और किसान द्वारा बेचे गए धान की मात्रा के बीच के अंतर की राशि उनके खातों में दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को भली-भांति समझते हैं। सरकार चाहती है कि कम उत्पादन के कारण प्रदेश का कोई भी किसान इस लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों को दी जा रही सुविधाओं से जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य देने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। अलग-अलग इलाकों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग हैं। ऐसे में कम उत्पादन वाले किसानों को भी निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि देने का निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस तरह आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ किसी अन्य राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा है। सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए लगातार फैसले ले रही है। धान खरीदी की व्यवस्था को इस तरह बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती लाभकारी बने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो, इसी उद्देश्य से नीतिगत निर्णय लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का हित सरकार के लिए सर्वोपरि है और अन्नदाताओं की समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।


Related Articles