Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने क्रिएटर्स को बताया प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में किया सम्मानित

Chhattisgarh Latest News: CM विष्णुदेव साय ने क्रिएटर्स को बताया प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर, छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में किया सम्मानित

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के कंटेंट क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स अपने कैमरे और रचनात्मकता के माध्यम से प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना और संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की समृद्ध परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने लाने में उनका योगदान अहम है।

कार्यक्रम में सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ की जनता ने अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया। अवॉर्ड्स के लिए 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पॉडकास्ट शैली में युवा क्रिएटर्स से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन के अनुभव साझा किए। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के सफर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पहले पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों की समस्याओं और जरूरतों को समझती है। सरकार द्वारा किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।

नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 31 मार्च 2026 का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है। अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए, हर युवा अपने सपने पूरे करे और हर परिवार खुशहाल जीवन बिताए।

मुख्यमंत्री ने बस्तर में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राशन दुकानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरसंचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

युवाओं के रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर सृजित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, बेहतर कनेक्टिविटी, प्राकृतिक संसाधनों और खनिज संपदा का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है और सरकार बनने के बाद से प्रदेश के खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री ने क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को डिजिटल माध्यमों से देश-दुनिया तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स मदद कर सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिला सकती है और उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। उन्होंने युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने की सलाह भी दी।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री साय ने युवा क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। इस अवसर पर उन्होंने क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।


Related Articles