Chhattisgarh Kondagaon News: कोंडागांव। शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली, गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय की छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (SP) बनाया गया। जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया ने अपने विद्यालय में पेयजल की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए स्कूल में वाटर फिल्टर लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी। उन्होंने आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन और फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि अपराधियों की पहचान और अपराधों के अनुसंधान में इनका किस तरह उपयोग किया जाता है।
विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी उपकरणों को लेकर उत्सुकता दिखाई और कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। एक दिन की एसपी बनीं प्रिया नेताम की पहल से छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहन मिला।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षक लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू और तौफीक आलम उपस्थित रहे।

