Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़। प्रदेश की खेल प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में बस्तर के जगदलपुर की खिलाड़ी ममता पाण्डेय का चयन 21वीं सीनियर विश्व पेंचक सिलाट चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 5 से 12 दिसंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में ममता सीनियर महिला हेवी वेट ओपन-2 टेंडिंग यानी फाइट स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
ममता पाण्डेय वर्तमान में सेजस किलेपाल में व्यायाम शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। राष्ट्रीय खिलाड़ी होने के साथ-साथ वे प्रशिक्षक और निर्णायक की भूमिका भी निभाती हैं। उन्होंने राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया है। हाल ही में बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता और शिलांग में हुई राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की।
ममता के अनुसार, पेंचक सिलाट इंडोनेशिया की पारंपरिक मार्शल आर्ट विधा है। इस खेल में खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के साथ रोजगार और सरकारी प्रोत्साहन के अवसर भी मिल रहे हैं। SSB, ITBP और पुलिस गेम्स में भी इस खेल के खिलाड़ियों को भागीदारी का मौका मिल रहा है। ममता बस्तर की अन्य प्रतिभाओं, विशेषकर महिला खिलाड़ियों को भी इस खेल से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही हैं।
विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में उनका चयन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। अब ताशकंद में होने वाली प्रतियोगिता में ममता के प्रदर्शन पर सभी की निगाहें रहेंगी, जहां वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

