Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शराब पीकर घर लौटने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना खरसिया थाना क्षेत्र के रानीसागर गांव की है। मृतक की पहचान स्वर्ण गिरी (62) के रूप में हुई है। वे गांव में नाश्ते की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस ने हत्या के आरोपी बेटे राजकुमार गिरी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घर में पूजा-पाठ का माहौल था। इसी दौरान राजकुमार गिरी शराब पीकर घर पहुंचा। इस पर पिता स्वर्ण गिरी ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर स्वर्ण गिरी शिकायत करने सरपंच के घर पहुंचे, लेकिन वहां उनकी मुलाकात सरपंच से नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उनका बेटा राजकुमार कुल्हाड़ी लेकर सरपंच के घर पहुंच गया और फिर से विवाद करने लगा। इसी दौरान उसने कुल्हाड़ी से पिता की गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से स्वर्ण गिरी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पतासाजी के दौरान पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

