Bemetara Latest News: आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य पर संविदा शिक्षकों ने लगाए गंभीर आरोप, मातृत्व अवकाश के लिए 60 हजार और CR के नाम पर मांगे 10 हजार रुपये

Bemetara Latest News: आत्मानंद स्कूल के प्राचार्य पर संविदा शिक्षकों ने लगाए गंभीर आरोप, मातृत्व अवकाश के लिए 60 हजार और CR के नाम पर मांगे 10 हजार रुपये

Chhattisgarh Bemetara News: बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के शासकीय स्वामी आत्मानंद स्कूल दाढ़ी के प्राचार्य गैंदराम चतुर्वेदी के खिलाफ संविदा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ सेजेस संविदा शिक्षक एवं कर्मचारी संघ ने प्राचार्य पर आर्थिक मांग करने, नौकरी से निकालने की धमकी देने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर जिलेभर के संविदा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

संघ से जुड़े शिक्षकों का आरोप है कि मातृत्व अवकाश के नाम पर 45 से 60 हजार रुपये और सीआर (CR) के नाम पर 10-10 हजार रुपये की मांग की गई। आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती थी। शिक्षकों ने इन कथित आर्थिक मांगों को लेकर भी कार्रवाई की मांग उठाई है।

शिकायत में प्राचार्य पर भरी बैठक में महिला शिक्षकों के कपड़ों को लेकर टिप्पणी करने और टोनही जैसे अपशब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं। संविदा शिक्षक-शिक्षिकाओं का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से उन्हें लगातार मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले में कलेक्टर ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी को टीम गठित कर जांच करने के निर्देश दिए गए थे। वहीं, आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने दुर्ग संभाग के संयुक्त संचालक (जेडी) कार्यालय को संभागीय स्तर की जांच टीम गठित करने के लिए पत्र लिखा है। फिलहाल मामले में जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।


Related Articles