Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को कोण्डागांव जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान धनोरा स्थित हाई स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लगभग 132 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, “जब समय आएगा, तब सबको बता दिया जाएगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मंत्रिमंडल विस्तार और संभावित बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने दौरे के दौरान गांवों में बंदोबस्त कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि जारी किए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बंदोबस्त संबंधी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी दिन जिला मुख्यालय में राज राजेश्वर भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जयंती महोत्सव का आयोजन किया गया। कलार समाज द्वारा आयोजित इस महोत्सव में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के आदर्शों को याद किया गया। मुख्यमंत्री के दौरे और सामाजिक आयोजन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

