GPM Latest News: सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- मरम्मत तक नहीं करा पा रही सरकार

GPM Latest News: सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस का सरकार पर हमला, दीपक बैज बोले- मरम्मत तक नहीं करा पा रही सरकार

Chhattisgarh GPM News: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले सहित प्रदेशभर में सड़कों की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे सहित कई प्रमुख सड़कों के निर्माण में देरी और मरम्मत कार्य नहीं होने पर सवाल उठाए हैं। दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के दावों के बावजूद सड़क निर्माण और रखरखाव के काम अपेक्षित गति से नहीं हो रहे हैं।

पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे जिले को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, लेकिन ठेकेदार और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण पिछले तीन वर्षों से इसका निर्माण अधूरा है। जीपीएम जिले के लगभग 80 किलोमीटर लंबे मरवाही मार्ग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि तीन साल में भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। बैज के मुताबिक, एक साल पहले भी इस मार्ग की हालत खराब थी और आज भी लोगों को यहां से गुजरने में काफी परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण जीपीएम जिला दूसरे क्षेत्रों से कटकर रह गया है।

बैज ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण की समस्या केवल जीपीएम जिले तक सीमित नहीं है। मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी और उनके गृह जिले जशपुर में भी सड़कों की स्थिति को लेकर शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नई सड़कें बनाने के साथ मौजूदा सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने का काम भी ठीक से नहीं करा पा रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रदेश की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में सड़क निर्माण के लिए करीब 16 हजार करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई थी, लेकिन मौजूदा सरकार ने इन कार्यों को रोक दिया है। बघेल के अनुसार, जो काम पहले पूरे हो चुके थे या आधे से अधिक शुरू हो गए थे, वे आगे बढ़े, लेकिन कई प्रस्तावित कार्यों को रोक दिया गया और नई स्वीकृतियां भी नहीं मिल पा रही हैं।

लोक निर्माण विभाग के कामकाज पर टिप्पणी करते हुए बघेल ने विभागीय मंत्री अरुण साव पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बयानबाजी के बावजूद जमीनी स्तर पर सड़क निर्माण और मरम्मत के काम नहीं हो रहे हैं। इसका सीधा असर आम लोगों को झेलना पड़ रहा है।

बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे छत्तीसगढ़ को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है और जीपीएम जिले के लिए इसे जीवनरेखा माना जाता है। स्थानीय स्तर पर सड़क की खराब हालत, अधूरे निर्माण और बार-बार लगने वाले जाम के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। बताया जा रहा है कि लगभग 100 किलोमीटर का बिलासपुर तक का सफर तय करने में चार घंटे से अधिक समय लग रहा है। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

गौरतलब है कि पूर्व में बिलासपुर सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने भी इस मार्ग की खराब स्थिति पर सवाल उठाए थे। उन्होंने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने और नए सिरे से टेंडर जारी करने की बात कही थी। इसके बावजूद सड़क निर्माण की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।


Related Articles