Chhattisgarh Balod News: बालोद। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी से पहले किसानों की जीरो रकबा (शून्य रकबा) संबंधी समस्या के निराकरण में बालोद जिला तेजी से काम कर रहा है। जिला प्रशासन की विशेष पहल से अब तक 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। वहीं, शेष किसानों के प्रकरणों का भी तेजी से निराकरण किया जा रहा है।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार किसानों को समर्थन मूल्य पर धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत कुल 1,58,572 किसानों का पंजीयन किया गया है। इनमें से 5,743 किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल में शून्य प्रदर्शित हो रहा था।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने 16 नवंबर से समिति स्तर पर रकबा सुधार की सुविधा शुरू की। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर तक 3,140 किसानों के रकबे में सुधार किया जा चुका है। शेष किसानों के रिकॉर्ड में सुधार की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा जिन किसानों के पंजीकृत रकबे में कमी प्रदर्शित हो रही है या खसरे में फसल संबंधी त्रुटियां हैं, उनके लिए तहसीलदार मॉड्यूल के माध्यम से सुधार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। संबंधित अधिकारी किसानों से प्राप्त आवेदनों और दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक सुधार कर रहे हैं।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रकबा और फसल संबंधी त्रुटियों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि तकनीकी या अभिलेखीय त्रुटियों के कारण कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित न रहे।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जिनका रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा पंजीकृत रकबे में कमी और फसल संबंधी त्रुटियां हैं, वे अपने संबंधित धान उपार्जन केंद्र या तहसीलदार कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क करें। प्रशासन का लक्ष्य धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाते हुए सभी पात्र किसानों को शासन की योजना का लाभ दिलाना है।

