Bilaspur Latest News: भीषण सड़क हादसे का VIDEO, ट्रेलर में फंसी कार को दूर तक घसीटता रहा चालक, युवती की मौत और 8 घायल

Bilaspur Latest News: भीषण सड़क हादसे का VIDEO, ट्रेलर में फंसी कार को दूर तक घसीटता रहा चालक, युवती की मौत और 8 घायल

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर-अंबिकापुर हाईवे पर रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलपारा के पास तेज रफ्तार कार पीछे से चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रेलर में फंसी कार को चालक काफी दूर तक घसीटता हुआ नजर आ रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के पांच युवक और पांच युवतियां रविवार की छुट्टी मनाने चैतुरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवारों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक युवती की जान चली गई, जबकि 8 अन्य लोग घायल हो गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया और कार ट्रेलर में जा घुसी। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृत युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई थी। इसके बावजूद ट्रेलर चालक को इसकी जानकारी नहीं हुई और वह कार को सड़क पर घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग भी हैरान हैं।


Related Articles