Bilaspur Latest News: बाइक पर जली मिली लाश की हुई पहचान, परिजनों ने शव पहचानने से किया इनकार

Bilaspur Latest News: बाइक पर जली मिली लाश की हुई पहचान, परिजनों ने शव पहचानने से किया इनकार

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र के शिवतराई में बाइक पर जली हुई अवस्था में मिले युवक के शव की पहचान मुंगेली निवासी मिथिलेश वर्मा के रूप में हुई है। वह 16 नवंबर से लापता था। हालांकि, परिजन फिलहाल शव की पहचान से इनकार कर रहे हैं। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान की पुष्टि करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर की शाम शिवतराई में मुख्य मार्ग से करीब 50 मीटर अंदर मेन स्टैंड पर खड़ी बाइक में युवक का लगभग 90 प्रतिशत जला हुआ शव मिला था। मृतक के हाथ-पैर और सिर को जीआई तार से बाइक के अलग-अलग हिस्सों में बांधा गया था। इसके बाद शव के ऊपर लकड़ियों और झाड़ियों का ढेर लगाकर आग लगा दी गई थी। घटनास्थल से पुलिस को दो अलग-अलग नंबर प्लेट भी मिली थीं, जिनमें एक पर सीजी 25 और दूसरी पर सीजी 10 दर्ज था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस बाइक पर शव मिला था, वह मुंगेली के एक बुजुर्ग के नाम पर पंजीकृत है। करीब एक महीने पहले यह बाइक मुंगेली जिला अस्पताल के पास से चोरी हुई थी। पुलिस अब बाइक चोरी और युवक की संदिग्ध मौत के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।

फोरेंसिक टीम के मुताबिक, बारिश के कारण घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में परेशानी हुई है। पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पुरानी रंजिश, प्रेम संबंध और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस मोबाइल कॉल हिस्ट्री और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। मामले में आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।


Related Articles