Raipur Latest News: सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 188 शिक्षकों को दिया गया पॉक्सो एक्ट का प्रशिक्षण, एक साल तक स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान

Raipur Latest News: सुरक्षित बचपन अभियान के तहत 188 शिक्षकों को दिया गया पॉक्सो एक्ट का प्रशिक्षण, एक साल तक स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करने और पॉक्सो एक्ट के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिला न्यायालय रायपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 89 चिन्हांकित स्कूलों के करीब 188 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत आयोजित कार्यशाला में शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 यानी पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों और अपराधों की रोकथाम में उनकी भूमिका की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विनय कुमार प्रधान और विशेष बालक पुलिस यूनिट की नोडल अधिकारी नंदिनी ठाकुर ने शिक्षकों को संबोधित किया। न्यायिक अधिकारी ने पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि बच्चों के साथ होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी ने विवेचना के दौरान पुलिस की कार्रवाई और संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में बताया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के परिवीक्षा अधिकारी मनीष सोनी ने पॉक्सो एक्ट से प्रभावित बच्चों के प्रति संवेदनशील व्यवहार, उन्हें निरंतर परामर्श देने और उचित देखरेख की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रभारी साइबर सेल रायपुर गौरव मंडल ने साइबर बुलिंग, साइबर ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री के प्रसार जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी। उन्होंने इन अपराधों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उपाय भी बताए।

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अविनाश कुमार दुबे ने बताया कि सुरक्षित बचपन अभियान के तहत प्रशिक्षित शिक्षकों के सहयोग से रायपुर जिले के स्कूलों में एक वर्ष तक लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता को भी पॉक्सो एक्ट और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया जाएगा, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सके।


Related Articles