Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ को मिले 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, सीएम विष्णुदेव साय बोले- आत्मनिर्भरता के प्रयासों को नई ऊर्जा

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ को मिले 5 राष्ट्रीय पुरस्कार, सीएम विष्णुदेव साय बोले- आत्मनिर्भरता के प्रयासों को नई ऊर्जा

Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। योजना के तहत प्रदेश को ‘स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026’ में पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जताते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना स्ट्रीट वेंडर्स के जीवन में आत्मनिर्भरता और समृद्धि के नए अवसर पैदा कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में प्रदेश को दूसरा स्थान मिला है। इसके अलावा बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा नगरीय निकायों को डिजिटल अडॉप्शन के क्षेत्र में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

20 नवंबर को नई दिल्ली में आयोजित हुआ पुरस्कार समारोह

बता दें कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से 20 नवंबर को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026’ समारोह आयोजित किया गया था। इसमें केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने राज्य के दोनों पुरस्कार ग्रहण किए।

डिजिटल अडॉप्शन में बड़े बचेली ने हासिल किया पहला स्थान

डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में भी छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने शानदार प्रदर्शन किया। एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बड़े बचेली नगर पालिका परिषद ने देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दंतेवाड़ा नगर पालिका परिषद दूसरे स्थान पर रहा। वहीं, एक लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले नगरीय निकायों की श्रेणी में बिलासपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया।

पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में अहम भूमिका

पीएम स्वनिधि योजना का उद्देश्य सड़क किनारे ठेला, रेहड़ी और छोटी दुकान लगाकर आजीविका चलाने वाले पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को संस्थागत ऋण और डिजिटल लेनदेन अपनाने के अवसर मिलते हैं। इससे उन्हें अपना कारोबार आगे बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलती है।

छत्तीसगढ़ को मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हैं। यह उपलब्धि प्रदेश में शहरी आजीविका को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगी।


Related Articles