Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। परिवार के वाराणसी जाने के दौरान आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी पार कर दी थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र और 89 हजार 495 रुपये नगद सहित अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम सोना (22 वर्ष), निवासी मौलीपारा शाम बाजार, तेलीबांधा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी डॉ. स्नेहिल दीवान ने तेलीबांधा थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 18 नवंबर 2026 को वह परिवार के साथ वाराणसी जाने के लिए घर में ताला लगाकर निकले थे। 20 नवंबर को वापस लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली। मकान के बाहर के गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी सोने की चेन, चांदी के बेलपत्र, नगदी और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने श्याम सोना को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी का सामान अपने घर की छत पर सीढ़ियों के पास छिपाकर रखा है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, 89 हजार 495 रुपये नगद और सब्जी काटने वाला चाकू बरामद कर जब्त किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

