CG Board Exam Time Table: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से, CGBSE ने जारी किया 2027 का टाइम-टेबल

CG Board Exam Time Table: छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं-12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से, CGBSE ने जारी किया 2027 का टाइम-टेबल

CG Board Exam Time Table: छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होंगी। वहीं, प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट वर्क 1 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक कराए जाएंगे।

12वीं की पहली परीक्षा 12 मार्च को हिंदी विषय की होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और लेखा शास्त्र की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और कंप्यूटर एप्लीकेशन तथा 31 मार्च को अंग्रेजी का पेपर होगा। अप्रैल में 3 तारीख को इतिहास और बिजनेस स्टडीज, 5 अप्रैल को भूगोल और भौतिक शास्त्र तथा 8 अप्रैल को मनोविज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

10वीं की परीक्षा 13 मार्च को तीसरी भाषा के पेपर से शुरू होगी। इसमें संस्कृत, मराठी, उर्दू सहित अन्य भाषाएं शामिल हैं। 16 मार्च को अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद 25 मार्च को हिंदी और 30 मार्च को गणित का पेपर होगा। 1 अप्रैल को रिटेल, आईटी और हेल्थ केयर जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा होगी। वहीं, 5 अप्रैल को दृष्टिहीन और मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए निर्धारित विशेष विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

मंडल के निर्देशों के अनुसार, परीक्षार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा। सुबह 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं और 9:10 बजे प्रश्न पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 9:15 बजे से विद्यार्थी उत्तर लिखना शुरू कर सकेंगे। परीक्षा का निर्धारित समय दोपहर 12:15 बजे तक रहेगा।

मंडल ने ओपन स्कूल की प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट परीक्षाओं को लेकर भी निर्देश जारी किए हैं। ये परीक्षाएं परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी और आवश्यकता पड़ने पर छुट्टी के दिन भी कराई जा सकती हैं। परीक्षा अवधि के दौरान यदि कोई सार्वजनिक या स्थानीय अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव किया जा सकता है। विस्तृत टाइम-टेबल मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है।

इसके साथ ही मंडल ने फिजिकल ट्रेनिंग डिप्लोमा परीक्षा की समय-सारणी भी जारी की है। यह परीक्षा 12 मार्च से 20 मार्च 2027 तक आयोजित होगी।


Related Articles