Raipur Latest News: PRSU में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र, एक साथ बैठ सकेंगे 20 हजार परीक्षार्थी

Raipur Latest News: PRSU में बनेगा देश का दूसरा सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र, एक साथ बैठ सकेंगे 20 हजार परीक्षार्थी

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) परिसर में 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक एकीकृत परीक्षा केंद्र बनाने की योजना तैयार की जा रही है। प्रस्तावित केंद्र में नीट, यूपीएससी और कर्मचारी चयन मंडल सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन किया जा सकेगा। यहां ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन परीक्षाओं के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

फिलहाल यह परियोजना प्रस्तावित चरण में है। इसकी लागत और निर्माण की समय-सीमा को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। योजना के अनुसार, यह देश का दूसरा ऐसा बड़ा परीक्षा केंद्र होगा, जहां एक साथ 20 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इससे पहले बिहार के पटना स्थित बापू परीक्षा परिसर में लगभग 25 हजार परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता है।

वर्तमान में रायपुर में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए शहर के अलग-अलग हिस्सों में परीक्षा केंद्र बनाए जाते हैं। ऐसे में दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती है और उन्हें समय से काफी पहले घर से निकलना पड़ता है। एकीकृत परीक्षा केंद्र बनने से परीक्षार्थियों को एक ही परिसर में परीक्षा देने की सुविधा मिलेगी और आवागमन की परेशानी भी कम होगी।

प्रस्तावित केंद्र में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और सुरक्षा जांच के अलग-अलग द्वार बनाए जाएंगे। इसके साथ ही सुव्यवस्थित पार्किंग, सुगम आवागमन और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी, ताकि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक में भवन की डिजाइन और कार्ययोजना भविष्य में परीक्षार्थियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, जिला पंचायत के सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने पूरे परिसर को पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया।


Related Articles