Chhattisgarh Raigarh News: रायगढ़। जिले के पूर्वांचल क्षेत्र के भगोरा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में रखी अंग्रेजी शराब का सेवन तीन ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुआ। शराब पीने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई, जिनमें से 62 वर्षीय दशरू राठिया की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीणों की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद शराब में इंजेक्शन के माध्यम से जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, दीपावली के दूसरे दिन गांव में अलग-अलग स्थानों पर अंग्रेजी शराब की बोतलें रखी मिली थीं। विकास गुप्ता (25) और समय लाल (करीब 45 वर्ष) के घर के सामने भी शराब रखी हुई थी, जिसका दोनों ने सेवन किया। वहीं, मृतक दशरू राठिया के बेटे मुकेश राठिया ने पुलिस को दिए मर्ग पंचनामा बयान में बताया कि 9 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे जब वह बाड़ी की ओर गया, तो वहां 180 एमएल की अंग्रेजी शराब की बोतल रखी हुई थी। उनके पिता ने उस शराब का सेवन किया और इसके बाद खेत में काम करने चले गए।
खेत में काम करने के दौरान अचानक दशरू राठिया की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों ने उन्हें उसी दिन दोपहर करीब ढाई बजे कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अशर्फी देवी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान 16 नवंबर की सुबह उनकी मौत हो गई। चिकित्सकीय दस्तावेजों में अज्ञात जहर का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, इस घटना में बीमार हुए विकास गुप्ता और समय लाल की हालत में सुधार होने के बाद 14 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की बोतलें किन लोगों ने और किस उद्देश्य से अलग-अलग स्थानों पर रखी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना के बाद शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, जिस ब्रांड की शराब की बात सामने आई है, वह गोवा ब्रांड है और प्लास्टिक की बोतल में आती है। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बोतल में इंजेक्शन के जरिए कोई विषैला पदार्थ मिलाया गया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट थी या नहीं।
गांव में इस घटना को लेकर व्यक्तिगत दुश्मनी और राजनीतिक रंजिश की चर्चाएं भी हो रही हैं। ग्रामीणों में नाराजगी है कि आखिर अलग-अलग स्थानों पर शराब किसने रखी और इसके पीछे क्या मंशा थी। मृतक के पुत्र और बीडीसी क्षेत्र क्रमांक 10 के मुकेश राठिया ने भी घटना के पीछे राजनीतिक द्वेष की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि उनके पिता को बाड़ी में रखी शराब मिली थी, जिसका सेवन करने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शराब में जहर मिलाए जाने की आशंका सहित सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

