ICC Latest News: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना चेयरमैन चुन लिया है। बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड और कमेटी की बैठक में सभी डायरेक्टर्स ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आने के कारण जय शाह को निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुन लिया गया। यह फैसला उनके नेतृत्व पर आईसीसी बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है।
आईसीसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल के माध्यम से जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने की जानकारी दी। बोर्ड ने कहा कि सभी डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद उन्हें निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है। आईसीसी के मुताबिक, क्रिकेट के मौजूदा महत्वपूर्ण दौर में उनके नेतृत्व से दुनिया भर में इस खेल का विस्तार करने, प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने और राजस्व के नए अवसर विकसित करने में मदद मिलेगी।
दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने कहा कि इस पद पर काम करना उनके लिए गर्व और बड़ी जिम्मेदारी की बात है। वे दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करेंगे।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट इस समय बेहद रोमांचक दौर से गुजर रहा है। वर्ष 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी नए दर्शकों तक पहुंचने का शानदार अवसर है। उनकी जिम्मेदारी केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रिकेट का भविष्य मजबूत करना भी है। इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, बिजनेस पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखा जाएगा।
जय शाह पहली बार वर्ष 2024 में आईसीसी चेयरमैन बने थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। महज 36 वर्ष की उम्र में इस पद पर पहुंचकर उन्होंने सबसे कम उम्र के आईसीसी चेयरमैन बनने का रिकॉर्ड बनाया था।
जय शाह आईसीसी प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2015 से पहले इस पद को प्रेसिडेंट कहा जाता था, जिसे बाद में बदलकर चेयरमैन कर दिया गया।

