Chhattisgarh Mahasamund News: महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल से सोमवार सुबह चार कैदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। चारों कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर भाग निकले। फरार कैदियों में तीन NDPS एक्ट के आरोपी हैं, जबकि एक चोरी के मामले में बंद था। घटना की पुष्टि एडिशनल एसपी ने की है। कैदियों के फरार होने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। चारों कैदियों ने जेल में मिलने वाले कंबलों की मदद से ऊंची दीवार फांदी और फरार हो गए। फरार होने वालों में धरमवीर, लीलाधर और राजेंद्र शामिल हैं, जो नशे के कारोबार से जुड़े मामले में NDPS एक्ट के तहत आरोपी हैं। वहीं, चौथा कैदी पंचराम चोरी के मामले में जेल में बंद था।
बताया जा रहा है कि जेल से भागने की योजना पांच कैदियों ने बनाई थी। इनमें से चार कैदी दीवार फांदकर फरार होने में सफल रहे, जबकि पांचवां कैदी दीवार पार करने की कोशिश में नीचे गिर गया। इसके बाद जेल प्रबंधन ने उसे पकड़ लिया। घटना के बाद पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है।
महासमुंद जिला जेल से कैदियों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई 2021 में भी दिनदहाड़े पांच कैदी जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में एक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी था, जबकि चार अन्य महासमुंद जिले के रहने वाले थे। उस घटना के बाद जेल प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार प्रहरियों को निलंबित किया था, जिनमें मुख्य प्रहरी भी शामिल था।

