Chhattisgarh Latest News: रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में पैनल ऑपरेटरों के 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई मामले के प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद की गई। CBI के अनुसार, छापों के दौरान कई जगहों पर लाइव सट्टेबाजी और जुए के पैनल संचालित मिले, जिन्हें बंद करा दिया गया।
कार्रवाई के दौरान जांच एजेंसी ने डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। एजेंसी के मुताबिक, इन खातों के जरिए सट्टेबाजी की रकम जमा कर हवाला के माध्यम से मुनाफा विदेश भेजा जाता था।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। CBI ने 1 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर आठ दिन की पुलिस रिमांड पर लिया था। 12 नवंबर को रिमांड पूरी होने के बाद रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पूछताछ में चंद्राकर ने प्लेटफॉर्म के संचालन और भारत में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से जुड़ी जानकारी दी है। CBI अब डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। इसमें विदेश में मौजूद आरोपी, नेटवर्क को मदद पहुंचाने वाले लोग और संबंधित सरकारी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। एजेंसी फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रही है।
जांच के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालते थे और सट्टेबाजी की रकम जुटाते थे। छत्तीसगढ़ सरकार से मामला मिलने के बाद CBI ने इस संबंध में दो FIR दर्ज की थीं।

