Chhattisgarh News: दंत चिकित्सा महाविद्यालय में 22 साल से नहीं हुई नियमित भर्ती, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने CM साय को लिखा पत्र

Chhattisgarh News: दंत चिकित्सा महाविद्यालय में 22 साल से नहीं हुई नियमित भर्ती, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने CM साय को लिखा पत्र

Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ के एकमात्र शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में शिक्षकों की कमी का मुद्दा अब राजनीतिक स्तर पर भी उठने लगा है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने महाविद्यालय में लंबे समय से रिक्त पड़े सहायक प्राध्यापक और व्याख्याता के पदों पर तत्काल नियमित भर्ती की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अर्द्धशासकीय पत्र लिखकर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू कराने का आग्रह किया है।

22 साल से नहीं हुई नियमित भर्ती

डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बताया कि वर्ष 2003 में महाविद्यालय की स्थापना के समय 44 स्वीकृत पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इस दौरान 26 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जबकि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के 11, अन्य पिछड़ा वर्ग के 3 और सामान्य वर्ग के 4 सहित कुल 18 पद रिक्त रह गए थे।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में नियुक्त किए गए 26 सहायक प्राध्यापकों एवं व्याख्याताओं में से वर्तमान में केवल 15 ही कार्यरत हैं। इस तरह महाविद्यालय में कुल 29 पद रिक्त हो चुके हैं। इन पदों पर पिछले 22 वर्षों से कोई नियमित भर्ती नहीं की गई है।

शिक्षकों की कमी से प्रभावित हो रही पढ़ाई और शोध

नेता प्रतिपक्ष ने महाविद्यालय में शिक्षकों की कमी पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि लंबे समय से पद रिक्त रहने के कारण महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

गरीब मरीजों को भी हो रही परेशानी

डॉ. महंत ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि शिक्षकों की कमी का असर केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। ओपीडी में उपचार के लिए आने वाले गरीब और मध्यमवर्गीय मरीजों को उच्चस्तरीय दंत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में परेशानी हो रही है।

CGPSC के माध्यम से भर्ती कराने की मांग

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आग्रह किया है कि रायपुर के शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय में रिक्त पदों पर तत्काल नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) अथवा चिकित्सा शिक्षा विभाग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने की मांग की है।


Related Articles