Dhamtari News: धान खरीदी केंद्रों पर सख्ती, गुणवत्ता और इलेक्ट्रॉनिक कांटों की होगी जांच

Dhamtari News: धान खरीदी केंद्रों पर सख्ती, गुणवत्ता और इलेक्ट्रॉनिक कांटों की होगी जांच

Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता और गड़बड़ी रोकने के लिए निगरानी समितियों का गठन किया है। शासन के निर्धारित मापदंड के अनुसार 17 प्रतिशत से अधिक नमी वाला धान नहीं खरीदा जाएगा।

निगरानी समिति के सदस्य प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खरीदी केंद्रों में मौजूद रहेंगे। उनकी जिम्मेदारी धान की गुणवत्ता, सही तौल और इलेक्ट्रॉनिक कांटों की जांच करना होगी। धान की नमी आर्द्रतामापी यंत्र से जांची जाएगी। निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप नहीं होने पर धान खरीदी से इनकार किया जाएगा।

प्रशासन ने कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से धान बिक्री रोकने के निर्देश दिए हैं। ऐसे प्रयास सामने आने पर तत्काल प्रकरण दर्ज किया जाएगा। कृषि उपज मंडी समितियों के सचिव नियमित निरीक्षण करेंगे और मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

खरीदी केंद्रों में प्रतिदिन खरीदे गए धान की किसानवार सूची नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा पर्याप्त बारदाने, समय पर परिवहन और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक केंद्र के मुख्य द्वार पर समर्थन मूल्य की दर भी प्रदर्शित होगी।

कलेक्टर ने राजस्व, खाद्य और विपणन विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा खरीदी व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


Related Articles