Korba Latest News: डोंगा से या तैरकर पार करता था आजन नदी, इस बार नहीं बच सकी जान; गांव में पसरा मातम

Korba Latest News: डोंगा से या तैरकर पार करता था आजन नदी, इस बार नहीं बच सकी जान; गांव में पसरा मातम

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। जिले के कोरबी क्षेत्र में आजन नदी पार करते समय गहरे पानी में डूबने से 50 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा दही घाट के पास हुआ। मृतक की पहचान ग्राम पंचायत बुढ़ापारा निवासी पन्नालाल यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने नदी में करीब 6 घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण का शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, पन्नालाल यादव का घर और मवेशियों को रखने की जगह आजन नदी के अलग-अलग किनारों पर स्थित है। इसी वजह से उन्हें रोजाना नदी पार करके अपने मवेशियों तक जाना पड़ता था। बताया जा रहा है कि वह कभी डोंगा (छोटी नाव) के सहारे तो कभी तैरकर नदी पार करते थे। नदी के दूसरे किनारे पहुंचकर वह मवेशियों को चराने और उनकी देखभाल करते थे।

रोज की तरह नदी पार करने के दौरान ही पन्नालाल हादसे का शिकार हो गए और गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद जिला नगर सेना की रेस्क्यू टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने करीब 6 घंटे तक नदी में खोजबीन की, जिसके बाद उनका शव बरामद हो सका।

कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार योगी ने शव बरामद होने की पुष्टि की है। पुलिस फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया की जाएगी। हादसे के बाद बुढ़ापारा और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है।


Related Articles