Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है। अदालत ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को उसे दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी दे दी है। अब जांच एजेंसी की टीम दिल्ली में उससे पूछताछ करेगी।
रिमांड मिलने के बाद CBI महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और सिंडिकेट से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी का उद्देश्य नेटवर्क के संचालन और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की कड़ियों का पता लगाना है।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची और बुधवार को विशेष अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण की शर्तों को लेकर सवाल उठाए, जबकि CBI ने जांच के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग की थी। अदालत ने आठ दिन की रिमांड मंजूर करने के साथ उसे दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय ले जाने की अनुमति भी दे दी।
CBI मुख्यालय में पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में होगी। अदालत ने पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।
करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में सौरभ चंद्राकर से पूछताछ को अहम माना जा रहा है। जांच एजेंसियां नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन, हवाला के जरिए रकम विदेश भेजने और कथित संरक्षण राशि जैसे पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस मामले में किन अन्य लोगों और गतिविधियों से जुड़े नए तथ्य सामने आते हैं।

