Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ स्ट्राइकर्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। मुकाबला शुरुआत से ही रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। लीग चरण में चौथे क्वालीफायर के रूप में सेमीफाइनल तक पहुंची संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अंक तालिका में शीर्ष पर रही न्यायधानी नाइट्स को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
सेमीफाइनल मुकाबला देखने कृषि मंत्री रामविचार नेताम और अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल भी स्टेडियम पहुंचे। न्यायधानी नाइट्स लीग चरण में एक भी मुकाबला नहीं हारी थी। उसने लीग मैच में भी संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से शिकस्त दी थी। ऐसे में सेमीफाइनल में स्ट्राइकर्स की जीत को टूर्नामेंट का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।
मुकाबले के पहले क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के शाहरुख ने शानदार फ्लिक के जरिए गोल कर टीम का खाता खोला। गेंद सीधे गोलपोस्ट के दाहिने कोने में पहुंची। हालांकि, न्यायधानी नाइट्स के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहले क्वार्टर के 15 मिनट पूरे होने से ठीक पहले चिराग ने मिडफील्ड से मिली गेंद को शानदार तरीके से गोल में बदलकर नाइट्स को 2-1 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भी दोनों टीमों के बीच तेज खेल जारी रहा। इस दौरान आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर लीग में अपना 13वां गोल पूरा किया और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद 24वें मिनट में अरबाज अली ने शानदार खेल दिखाते हुए अपना पहला गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में शाहरुख ने नाइट्स के डिफेंडरों को छकाते हुए फील्ड गोल किया और स्कोर बराबर कर दिया। कुछ देर बाद शमशेर पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने से चूक गए, लेकिन शाहरुख ने रिबाउंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। इस प्रदर्शन ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को मुकाबले में मजबूत स्थिति में ला दिया।
आखिरी क्वार्टर में आर्यन जेस ने सर्कल के अंदर मिले बेहतरीन पास को गोल में बदलकर स्ट्राइकर्स का पांचवां गोल किया। इसके बाद ओम कुमार यादव ने निशांत तिर्की के साथ मिलकर टीम की बढ़त को 6-3 तक पहुंचा दिया। अंतिम सीटी बजने के साथ ही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने 6-3 से जीत दर्ज कर छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

