Chhattisgarh Latest News: राज्योत्सव में अमित शाह और मनसुख मांडविया होंगे शामिल, पलक मच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति भी बनेगी आकर्षण

Chhattisgarh Latest News: राज्योत्सव में अमित शाह और मनसुख मांडविया होंगे शामिल, पलक मच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति भी बनेगी आकर्षण

Chhattisgarh Latest News: छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान इस बार नवा रायपुर में लोगों को भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का रोमांचक एयर शो देखने को मिलेगा। 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक इलाके में आयोजित होने वाले इस शो में भारत में निर्मित नौ ध्रुव हेलीकॉप्टरों के जरिए एयरोबेटिक करतब दिखाए जाएंगे। हेलीकॉप्टर आसमान में अलग-अलग आकृतियां बनाते हुए दर्शकों को रोमांचित करेंगे। पिछले साल राज्योत्सव के दौरान सूर्य किरण टीम ने फाइटर जेट के साथ एयरोबेटिक प्रदर्शन किया था।

1 नवंबर से शुरू होने वाले राज्योत्सव में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, दोनों नेताओं की मौजूदगी उद्घाटन समारोह में होगी या समापन कार्यक्रम में, इसे लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। राज्योत्सव के पहले दिन बॉलीवुड गायिका पलक मच्छल प्रस्तुति देंगी, जबकि 3 नवंबर को अंतिम दिन गायक अभिजीत भट्टाचार्य कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भारतीय वायुसेना की एयरोबेटिक टीम है, जो स्वदेशी एचएएल ध्रुव हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल करती है। इन हेलीकॉप्टरों पर मोर की आकृति बनी होती है। प्रदर्शन के दौरान पांच से नौ हेलीकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर क्रॉस ओवर ब्रेक, डबल क्रॉस और डॉल्फिन जैसे करतब दिखाते हैं। इसके अलावा हेलीकॉप्टरों के जरिए आसमान में दिल सहित कई आकृतियां बनाई जाती हैं। टीम के प्रदर्शन में सटीक तालमेल और नियंत्रित उड़ान विशेष आकर्षण होते हैं।

एयर शो को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर ध्यान देना शुरू कर दिया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन स्थल पर सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन, चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दर्शकों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

एयर शो के कारण रायपुर एयरपोर्ट पर विमानों के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना जताई गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में नो-फ्लाइंग जोन लागू किए जाने की बात कही गई है। इस अवधि में विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ प्रभावित हो सकते हैं। यात्रियों को सलाह है कि वे अपनी उड़ान के समय और स्थिति की जानकारी संबंधित एयरलाइन से पहले ही प्राप्त कर लें।


Related Articles