Kabirdham News: प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत, 9 हितग्राहियों से 5.09 लाख रुपये लेने के आरोप में दो ठेकेदारों पर FIR

Kabirdham News: प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में गड़बड़ी की शिकायत, 9 हितग्राहियों से 5.09 लाख रुपये लेने के आरोप में दो ठेकेदारों पर FIR

Chhattisgarh Kabirdham News: कबीरधाम। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत आवास निर्माण के नाम पर हितग्राहियों से राशि लेने और निर्माण कार्य नहीं कराने की शिकायतों पर कबीरधाम जिले में दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। विकासखंड बोड़ला की ग्राम पंचायत राजाढ़ार और आमानारा से जुड़े इन मामलों में कुल 9 हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आवास योजना में अनियमितता और हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी के मामलों में सख्त कार्रवाई की बात कही है।

राजाढ़ार ग्राम पंचायत के पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कुल 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य नहीं कराने के आरोप में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ 14 अक्टूबर को चिल्फी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, देवसिंह, मंधोर बाई और पुसीया बाई से 60-60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये तथा ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए गए थे। हितग्राहियों का आरोप है कि लगभग डेढ़ वर्ष बीतने के बाद भी उनके आवास नहीं बने और राशि भी वापस नहीं की गई।

दूसरा मामला ग्राम पंचायत आमानारा का है। यहां चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर कथित तौर पर राशि लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ 13 अक्टूबर को तरेगांव जंगल थाने में एफआईआर दर्ज की गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लेने की शिकायत की गई है। इस मामले में कुल राशि 1 लाख 89 हजार रुपये बताई गई है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है और इसका दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शर्मा ने कहा कि आवास निर्माण में लापरवाही बरतने, हितग्राहियों को परेशान करने या उनकी राशि का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर अपराध दर्ज किया है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगी।


Related Articles