Raipur News: रंगदारी मामले में शोएब ढेबर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, पहले 5 हजार और अब 10 हजार रुपये का इनाम घोषित

Raipur News: रंगदारी मामले में शोएब ढेबर अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर, पहले 5 हजार और अब 10 हजार रुपये का इनाम घोषित

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा और उनके परिवार को गैंग के नाम पर धमकी देकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने 10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। इससे पहले सेंट्रल डीसीपी की ओर से 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इस तरह आरोपी की सूचना देने पर कुल 15 हजार रुपये का इनाम मिल सकता है।

शोएब ढेबर के खिलाफ तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, आरोपी के संबंध में सटीक जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। संदेशों में कथित तौर पर खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताकर 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। साथ ही प्रार्थी, उनके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद तेलीबांधा थाने में अपराध दर्ज कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को शोएब ढेबर को पकड़ा था। उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन जब्त किए गए थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई थी। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बाद में पुलिस ने मामले में दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी, जिसे 28 सितंबर को अदालत ने स्वीकार कर लिया।

इसके बाद से पुलिस शोएब ढेबर की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी के दोबारा अपराध करने की आशंका को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर इनाम घोषित किया गया है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।


Related Articles