Chhattisgarh Surguja News: सरगुजा । छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सड़क हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौत हो गई। उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात धन्ना और मन्ना नाम के दो सगे भाई बाइक से दसई करमा देखने जा रहे थे। इसी दौरान साल्ही मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) उदयपुर पहुंचाया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
हादसे के बाद पुलिस अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

