Chhattisgarh Balod News: बालोद। जिले में अवैध नशीली दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रामाडोल के कुल 737 कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 4,790.50 रुपये बताई गई है। पुलिस ने दवाइयों के साथ तीन मोबाइल फोन और एक स्कूटी भी जब्त की है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) के तहत कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिकरापारा, बालोद निवासी सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं काले रंग की होंडा डियो स्कूटी क्रमांक CG 24 V 7412 की डिक्की में नशीली दवाइयां रखकर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान स्कूटी की डिक्की में लाल पॉलीथीन से TraiSPAS (Tramadol) के 449 कैप्सूल बरामद हुए। इनका कुल वजन 255.930 ग्राम और कीमत करीब 2,918.50 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और करीब 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी भी जब्त की।
पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी शंकर नायडू निवासी वार्ड क्रमांक 25, दल्लीराजहरा, जिला बालोद के कब्जे से SPAS-TRASCEN-PLUS (Tramadol) के 144 कैप्सूल बरामद किए। इनकी कीमत करीब 936 रुपये बताई गई है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इसी तरह, तीसरे आरोपी भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल निवासी नया पारा, बालोद के कब्जे से भी SPAS-TRASCEN-PLUS (Tramadol) के 144 कैप्सूल बरामद हुए। इनकी कीमत करीब 936 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। इस तरह तीनों आरोपियों से कुल 737 कैप्सूल बरामद किए गए, जिनमें TraiSPAS के 449 और SPAS-TRASCEN-PLUS के 288 कैप्सूल शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ग) में प्रकरण दर्ज किया है। सुशील कुमार आर्य उर्फ साईं को 10 अक्टूबर 2026 को, जबकि शंकर नायडू और भूपेश्वर साहू उर्फ मंडल को 11 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

