Chhattisgarh Bastar News: बस्तर। आंध्र प्रदेश में रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। दक्षिण तट रेलवे ने विशाखापट्टनम डिवीजन के एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन को देखते हुए ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। रेलवे की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दो एक्सप्रेस ट्रेनें 13 से 20 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी, जबकि चार अन्य ट्रेनों का संचालन निर्धारित अवधि के दौरान प्रभावित रहेगा।
रद्द की गई ट्रेनों में विशाखापट्टनम से किर्लामुडी जाने वाली ट्रेन नंबर 18515 और किर्लामुडी से विशाखापट्टनम आने वाली ट्रेन नंबर 18516 शामिल हैं। रेलवे ने दोनों ट्रेनों को 13 से 20 अक्टूबर तक रद्द रखने का निर्णय लिया है।
भूस्खलन का असर भुवनेश्वर-जगदलपुर और जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस पर भी पड़ेगा। ट्रेन नंबर 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। वहीं, ट्रेन नंबर 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 14 से 21 अक्टूबर तक कोरापुट से ही रवाना होगी।
इसके अलावा, विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन नंबर 58501 को 13 से 20 अक्टूबर तक कोरापुट में ही समाप्त किया जाएगा। इसी अवधि में किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर ट्रेन नंबर 58502 का परिचालन भी कोरापुट से शुरू किया जाएगा।
रेलवे के इस बदलाव से कोरापुट, जगदलपुर और किरंदुल की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा पर निकलने से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति और निर्धारित परिचालन व्यवस्था की जानकारी रेलवे से अवश्य प्राप्त कर लें।

