Kawardha News: ट्रैक्टरों से रास्ते बंद कर किसानों ने किया था चक्काजाम, सरकार से बातचीत के बाद खुलेंगे प्रवेश मार्ग

Kawardha News: ट्रैक्टरों से रास्ते बंद कर किसानों ने किया था चक्काजाम, सरकार से बातचीत के बाद खुलेंगे प्रवेश मार्ग

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में 23 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ का चल रहा प्रदर्शन स्थगित हो गया है। 8 अक्टूबर से जारी आंदोलन के दौरान किसानों ने शहर के प्रवेश मार्गों पर ट्रैक्टर और अन्य वाहन खड़े कर चक्काजाम कर दिया था। शुक्रवार रात भारतीय किसान संघ के प्रदेश पदाधिकारियों की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव के साथ बैठक हुई। बैठक में किसानों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद संघ ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया।

सरकार ने गन्ने की खरीदी दर 329 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। इस तरह गन्ने की कीमत में 96 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 15 हजार रुपये अनुदान देने, धान खरीदी केंद्रों पर तौल की मात्रा 41.500 किलो से घटाकर 40.700 किलो करने और बिजली के निजीकरण की योजना पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर भी सहमति बनने की जानकारी सामने आई है।

किसानों ने अपनी 23 सूत्रीय मांगों को लेकर कबीरधाम जिले में प्रदर्शन करते हुए शहर में प्रवेश करने वाले मार्गों को ट्रैक्टरों और बैरिकेड की मदद से बंद कर दिया था। इस दौरान केवल एंबुलेंस को आने-जाने की अनुमति दी जा रही थी। चक्काजाम के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा और स्कूलों में भी छुट्टी करनी पड़ी। प्रदर्शन स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासनिक अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मांगों पर सहमति नहीं बनने के कारण प्रदर्शन जारी रहा।

शुक्रवार रात हुई बैठक करीब एक बजे तक चली। इसके बाद किसान संघ ने प्रमुख मांगों पर सहमति का हवाला देते हुए आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। इससे चक्काजाम के कारण परेशान हो रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

भारतीय किसान संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन समाप्त नहीं किया गया है, बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है। संघ के अनुसार, शेष मांगों का समाधान नहीं होने पर आने वाले समय में प्रदेशभर के किसान राजधानी रायपुर में प्रदर्शन कर सकते हैं।


Related Articles