Chhattisgarh Gariyaband News: गरियाबंद। ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को साकार करते हुए स्वामी विवेकानंद विचार मंच की ओर से राजिम के त्रिवेणी संगम तट पर सामूहिक श्राद्ध एवं पितृ तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ऐसे अज्ञात पितरों का विधि-विधान से तर्पण किया गया, जिनका स्मरण और श्राद्ध करने वाला कोई नहीं है। साथ ही हिंदू धर्म का त्याग कर धर्मांतरित हो चुके लोगों के पितरों का भी श्राद्ध-तर्पण किया गया।
मंच की ओर से यह आयोजन वर्ष 2021 से लगातार किया जा रहा है और इस बार कार्यक्रम का छठवां वर्ष रहा। आयोजन में मंच के सदस्यों के साथ रायपुर, गरियाबंद और धमतरी जिले से भी सहयोगी शामिल हुए।
मंच के सदस्यों ने बताया कि भारतीय संस्कृति में पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की परंपरा रही है। इसी भावना के तहत उन पितरों को भी स्मरण किया जाता है, जिनके लिए किसी कारण से कोई श्राद्ध या तर्पण नहीं कर रहा। आयोजन के माध्यम से समाज को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ यानी पूरा विश्व एक परिवार है, का संदेश देने का प्रयास किया गया।
त्रिवेणी संगम तट पर विधिवत पूजन और तर्पण के बाद पितरों की सद्गति और शांति की कामना की गई। इसके बाद प्रसादी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का समापन ‘जय श्री सीताराम’ के जयघोष के साथ किया गया।

