Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। आगामी दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस ने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जामुल नगर पालिका क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया और इसके बाद लक्ष्मी पैलेस, उमदा में भिलाई-3 चरोदा नगर निगम क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। उनके जामुल और भिलाई क्षेत्र पहुंचने पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर स्वागत किया।
जामुल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भूपेश बघेल ने कहा कि प्रत्येक वार्ड में कार्यकर्ताओं को आपसी सहमति से एक योग्य नाम तय करना चाहिए, ताकि पार्टी नेतृत्व के लिए प्रत्याशी का नाम तय करने में आसानी हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी वार्ड में एक से अधिक दावेदार सामने आते हैं तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्तर पर लिए गए अंतिम निर्णय को सभी कार्यकर्ताओं को स्वीकार कर अधिकृत प्रत्याशी के लिए काम करना होगा।
भिलाई-3 चरोदा में हुई समीक्षा बैठक में दिसंबर में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव की तैयारियों, वार्ड स्तर पर संगठन की भूमिका और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा हुई। बैठक में चुनाव प्रभारी विकास उपाध्याय, जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, राजेंद्र साहू, महापौर निर्मल कोसरे, वरिष्ठ नेता कृष्णा चंद्राकर, सुजीत बघेल सहित स्थानीय ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। चुनाव प्रभारी विकास उपाध्याय और चुनाव पर्यवेक्षक प्रमोद दुबे के निर्देशों के तहत वार्ड कमेटियों को प्राथमिकता देने की बात कही गई, ताकि स्थानीय स्तर पर उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया में कार्यकर्ताओं की भूमिका रहे।
जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गुटबाजी और सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर ब्लॉक स्तर से नोटिस जारी कर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ठाकुर ने भाजपा सरकार को लेकर महंगाई, विकास योजनाओं और सरकार के कामकाज पर भी सवाल उठाए तथा कांग्रेस की चुनावी तैयारियों का उल्लेख किया।
बैठक में श्रीकांत वर्मा, मनोज मढ़रिया, दुलारी वर्मा, कुमुद मढ़रिया, कमलेश साहू, करीम खान, विजय जैन, प्रमोद चंद्राकर, वेंकट रमन्ना, डे साहब, अभिषेक वर्मा, प्रकाश ठाकुर, सुनीता चन्नैवार, सरोजनी चंद्राकर, रामप्यारी वर्मा, सुमन वर्मा, सबीहा खान, ओमकार निर्मलकर, मन्नु यादव, गज्जु साहू, प्रमिला साहू, इस्माईल आजाद, अशोक वर्मा, सीता ठाकुर, किसुन साहू, प्रवीण देवांगन, दीपक साहू, राहुल साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

