Balod News : मरकाटोला घाट फिर बना हादसे का स्पॉट, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 5 युवकों की मौत

Balod News : मरकाटोला घाट फिर बना हादसे का स्पॉट, ट्रक-पिकअप की टक्कर में 5 युवकों की मौत

Chhattisgarh Balod News: बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास डीजे से बंधी पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक सड़क पर पलट गया, जबकि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में पिकअप सवार 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, डीजे से बंधी पिकअप मरकाटोला घाट के पास खड़ी थी, इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं। टक्कर के बाद पिकअप सवार कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में ट्रक चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

भीषण हादसे में 2 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अन्य 5 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसे के बाद सड़क पर दोनों वाहन क्षतिग्रस्त होने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया था। हादसे में 5 युवकों की मौत हुई है, जबकि 5 घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट क्षेत्र पहले भी सड़क हादसों को लेकर चर्चा में रहा है। पिछले महीने अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। उनका बाइक ग्रुप बस्तर की ओर जा रहा था। एक बार फिर इसी मार्ग पर हुए भीषण हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।


Related Articles