Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर में आयोजित होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन के लिए टीमों के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से खिलाड़ियों के चयन के लिए 28 और 29 सितंबर को रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा। ट्रायल सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।
चयन ट्रायल के सुचारू आयोजन, आवश्यक समन्वय और तकनीकी सहायता के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तीन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। ट्रायल से संबंधित तकनीकी और आयोजन की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ हॉकी संघ द्वारा निर्धारित नियमों और मापदंडों के अनुसार पूरी की जाएगी।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने छत्तीसगढ़ हॉकी संघ को परिपत्र जारी कर खिलाड़ियों के चयन ट्रायल से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निर्धारित तिथि और समय पर ट्रायल आयोजित करने के साथ ही ट्रायल शुरू होने से पहले चयन के मानदंड और पूरी चयन प्रक्रिया का लिखित विवरण उपलब्ध कराने को कहा है।
विभाग ने चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए हैं। चयन के बाद छह टीमों में शामिल खिलाड़ियों की सूची और चयन प्रक्रिया से संबंधित प्रतिवेदन खेल संचालनालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
खिलाड़ियों के चयन ट्रायल को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की जिम्मेदारी खेल अधिकारी दीनू प्रसाद पटेल, रायपुर की वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक रश्मि संध्या एक्का और बिलासपुर के वरिष्ठ हॉकी प्रशिक्षक राकेश टोप्पो को सौंपी गई है। ये अधिकारी ट्रायल के दौरान आवश्यक तकनीकी और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं का समन्वय करेंगे।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन में राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें मैदान में उतरेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। इन टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन 28 और 29 सितंबर को सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के पिच-1 में सुबह 9 बजे से किया जाएगा।

