Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में बड़े निवेश प्रस्तावों के बाद अब सरकार का फोकस युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने और उन्हें उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ाने पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सरकार की कोशिश है कि इन निवेश प्रस्तावों का लाभ स्थानीय युवाओं को रोजगार और व्यवसाय के अवसरों के रूप में मिले।
मुख्यमंत्री गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से रोजगार को लेकर अपनी सोच बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी पाने वाले न बनें, बल्कि अपने नवाचार, प्रतिभा और उद्यमशीलता के जरिए दूसरों को भी रोजगार देने वाले बनें।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को विशेष महत्व दिया गया है। प्रदेश में आने वाले निवेश का लाभ स्थानीय युवाओं तक पहुंचे, इसके लिए नीति में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है, जो एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। सरकार का उद्देश्य औद्योगिक निवेश को प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के ठोस अवसरों में बदलना है।
2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ रोजगार देने वाला बनने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके लिए नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 लागू की गई है।
इस नीति के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता, कौशल विकास और नई तकनीकों से जोड़ने की तैयारी है। सरकार का जोर युवाओं के नए आइडिया को कारोबार और रोजगार के अवसरों में बदलने पर है।
6 लाख विद्यार्थियों को AI की ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भविष्य की तकनीकों के अनुरूप युवाओं को तैयार करना भी जरूरी है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इस मिशन के तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ट्रेनिंग देने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि एआई और नई तकनीकों का प्रशिक्षण विद्यार्थियों को भविष्य में रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसरों के लिए तैयार करेगा।
युवाओं से सेवा संकल्प अभियान में भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को समाज सेवा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है।
युवा ऊर्जा को दिशा देने का सशक्त मंच है NSS
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि किसी भी राज्य की वास्तविक शक्ति केवल उसकी भौतिक संपदा में नहीं, बल्कि उसके युवाओं की चेतना, ऊर्जा और समाज के प्रति संवेदनशीलता में निहित होती है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर प्रदान करती है। NSS के माध्यम से युवाओं में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का काम किया जा रहा है।

