Kawardha News: भोरमदेव रोड पर दो बाइक भिड़ीं तो धरमजयगढ़ में बस-ट्रक की टक्कर, एक की मौत और कई घायल

Kawardha News: भोरमदेव रोड पर दो बाइक भिड़ीं तो धरमजयगढ़ में बस-ट्रक की टक्कर, एक की मौत और कई घायल

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा और धरमजयगढ़ में बुधवार-गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। कवर्धा में दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हुई, वहीं धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हुई।

कवर्धा में पहला हादसा भोरमदेव रोड पर ग्राम राजानवागांव के पास बुधवार देर रात हुआ। यहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बिशनपुरा निवासी सबित यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। हादसे के बाद घायलों को 112 की सहायता से जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में एक की हालत गंभीर है और वह बेहोश है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

दूसरा हादसा धरमजयगढ़ के कोयलर क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रही बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के समय बस में करीब 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी है, जबकि बस में सवार कई यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।

कोयलर क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल दोनों घटनाओं में घायलों की विस्तृत स्थिति और हादसों के कारणों की जानकारी सामने आना बाकी है


Related Articles