Chhattisgarh Raipur News: रायपुर: राजधानी रायपुर में गणेश उत्सव के बाद अब प्रतिमा विसर्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल यानी 25 सितंबर से शहर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। नगर निगम ने इसके लिए 10 जोन में तालाब किनारे व्यवस्थाएं की हैं। बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड तैयार किया गया है, जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 अस्थायी कुंड बनाए गए हैं।
तालाबों में विसर्जन पर लगेगी रोक, होगी चालानी कार्रवाई
नगर निगम और प्रशासन ने शहर के प्रमुख तालाबों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन पर प्रतिबंध लगाया है। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य निर्धारित जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जित करने पर कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन न करें।
महादेवघाट में 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक व्यवस्था
महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड की व्यवस्था और निगरानी के लिए नगर निगम ने विशेष समिति गठित की है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-8 की टीम विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। निगम की ओर से विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
अब तक 150 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन
महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड में अब तक 150 से अधिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है। आगामी दिनों में बड़ी संख्या में प्रतिमाओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम और प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं।
27 सितंबर को निकलेंगी गणेश झांकियां
गणेश विसर्जन के बाद 27 सितंबर को रायपुर शहर में गणेश उत्सव की झांकियां निकाली जाएंगी। इसे लेकर पुलिस ने यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार कर लिया है। झांकियों के दौरान शहर में भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए ट्रैफिक रूट जारी किया गया है।
बुधवार को C-4 भवन में गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ बैठक हुई। इसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, PWD, स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विसर्जन के दौरान 1000 से ज्यादा जवान रहेंगे तैनात
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में एक हजार से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस ने गणेश उत्सव समितियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने और विसर्जन स्थल पर व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी रखेंगी नजर
विसर्जन के दौरान भीड़ में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। इसके अलावा संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष टीमें संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी।
साउंड सिस्टम को लेकर भी समितियों को निर्देश
पुलिस-प्रशासन के साथ बैठक में गणेश उत्सव समितियों ने साउंड सिस्टम को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने पर सहमति जताई है। समितियों को बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का फोकस विसर्जन और झांकियों के दौरान धार्मिक आयोजन के साथ-साथ शहर की कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर रहेगा।

