Raipur Latest News: FD घोटाले के पीड़ितों को राहत मिलने पर सियासत तेज, कांग्रेस बोली- संघर्ष हमने किया, श्रेय विधायक ले रहे

Raipur Latest News: FD घोटाले के पीड़ितों को राहत मिलने पर सियासत तेज, कांग्रेस बोली- संघर्ष हमने किया, श्रेय विधायक ले रहे

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। IDBI बैंक की चरौदा शाखा में हुए FD घोटाले के पीड़ितों को न्याय मिलने के बाद अब इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी ने शुरुआत से संघर्ष किया, लेकिन अब विधायक अनुज शर्मा सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसको लेकर कांग्रेस नेता भावेश बघेल और आशीष वर्मा ने विधायक पर निशाना साधा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष (ओबीसी विभाग) भावेश बघेल ने कहा कि IDBI FD घोटाले में कांग्रेस ने पीड़ितों के साथ खड़े होकर लगातार उनकी आवाज उठाई और बैंक प्रबंधन पर दबाव बनाया। जब पीड़ित न्याय के लिए भटक रहे थे, तब कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ मैदान में संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि संघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आने के बाद विधायक अनुज शर्मा वीडियो जारी कर इसका श्रेय लेने में जुट गए हैं।

भावेश बघेल ने विधायक पर श्रेय लेने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्लांट में दुर्घटना होने पर जब प्रबंधन पीड़ित परिवारों को मुआवजा देता है, तब भी विधायक चेक अपने पास मंगवाकर खुद वितरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह ऐसा प्रदर्शित किया जाता है, मानो मुआवजे की राशि विधायक अपनी जेब से दे रहे हों।

कांग्रेस नेता आशीष वर्मा ने भी विधायक के वीडियो पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजनीति सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वाहवाही लूटने का नाम नहीं है। IDBI चरौदा FD घोटाले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष किया और इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने का प्रयास किया।

आशीष वर्मा ने आरोप लगाया कि जब पीड़ित परेशान थे, तब कांग्रेस उनके साथ खड़ी थी, लेकिन अब परिणाम सामने आने के बाद विधायक इसका श्रेय लेने में जुट गए हैं। इस मामले में कांग्रेस नेताओं के बयानों के बाद क्षेत्र में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।


Related Articles