Chhattisgarh Dongargarh News: डोंगरगढ़। फेसबुक के जरिए हुई जान-पहचान के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर डोंगरगढ़ पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी 32 वर्षीय युवक रोशन सोमुनिया को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया की वर्ष 2025 में फेसबुक के माध्यम से रोशन सोमुनिया से बातचीत शुरू हुई थी। आरोपी ने उसे फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी, जिसे युवती ने स्वीकार कर लिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा, जिस पर युवती की सहमति के बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती को मुलाकात के लिए डोंगरगढ़ बुलाया था। 30 नवंबर 2025 को दोनों की मुलाकात हुई और रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल अशोका लॉज में रुके। युवती की शिकायत के अनुसार, आरोपी द्वारा शादी करने का भरोसा दिए जाने के बाद दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। दोनों 30 नवंबर और 1 दिसंबर को होटल में रुके और इसके बाद 1 दिसंबर की शाम दूसरे होटल सागर पैलेस चले गए। शिकायत के अनुसार, दोनों करीब तीन दिनों तक साथ रहे।
पुलिस के अनुसार, डोंगरगढ़ से लौटने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। आरोपी ने युवती के परिवार के सदस्यों से भी बात की और शादी के लिए अपने परिवार को लेकर आने का भरोसा दिलाया। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को आरोपी ने फोन कर शादी से इनकार कर दिया और युवती से अपने परिवार की पसंद से शादी करने की बात कही।
युवती की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 365/2026 के तहत BNS की धारा 69 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी रोशन सोमुनिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

