Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। जिले के सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कथित रूप से सक्रिय एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। अटल आवास और आशाराम बापू आश्रम मैदान के पास कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 0.5 एमजी की 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट, 8 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद और 2 एयर गन बरामद की गईं। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 99 हजार रुपये बताई है।
एएसपी भोजराज अग्रवाल के अनुसार, पुलिस को संदेह है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं को नशीली गोलियां बेचकर अवैध कमाई कर रहे थे। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c) और 22 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बरामद एयर गन के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इनके संबंध में पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल शेख, योगेश कुमार साहू, अम्रन साहू, मयंक यादव, जानी यादव और समीर ठाकुर के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है

