Chhattisgarh Latest News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच पीएम आवास के मुद्दे पर चल रही बयानबाजी के बीच अब मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में गरीबों के लिए पीएम आवास का काम रोककर रखा गया था।
कांग्रेस सरकार में गरीबों के साथ अन्याय का आरोप
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के घोषणा पत्र में गरीबों को पक्के मकान देने का वादा किया था और सत्ता में आने के बाद इस दिशा में काम किया गया।
नेताम ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घोषणा की थी कि छत्तीसगढ़ में जहां भी आवास की जरूरत होगी, वहां आवास उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है।
पीएम मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लेकर भी छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा इसे सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाने की तैयारी कर रही है। वहीं कांग्रेस ने 17 सितंबर को महंगाई दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है।
इसी को लेकर मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से कांग्रेस के कपड़े गीले हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा और सुशासन का संदेश देंगे।
पीएम मोदी के लिए दीर्घायु की कामना
रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आशीर्वाद का दीप जलाकर उनकी दीर्घायु की कामना की जाएगी। नेताम ने कहा कि देश को ऐसा प्रधानमंत्री मिलने पर लोग गर्व महसूस करते हैं।

