Kawardha News: मेडिकल कॉलेज के पहले बैच से विजय शर्मा ने किया संवाद, विद्यार्थियों ने साझा किए NEET की तैयारी के अनुभव

Kawardha News: मेडिकल कॉलेज के पहले बैच से विजय शर्मा ने किया संवाद, विद्यार्थियों ने साझा किए NEET की तैयारी के अनुभव

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। कबीरधाम जिले की चिकित्सा शिक्षा के इतिहास में बुधवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। शासकीय मेडिकल कॉलेज कवर्धा में प्रथम शैक्षणिक सत्र और प्रथम बैच की पढ़ाई का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का एप्रॉन, स्टेथोस्कोप, पेन और गुलाब का फूल देकर स्वागत किया। विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत की और अतिथियों के साथ अपनी तैयारी, संघर्ष और भविष्य के सपनों को साझा किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने बड़ा लक्ष्य रखा है और डॉक्टर बनने का सपना देखा है, लेकिन डॉक्टर बनना ही अंतिम लक्ष्य नहीं होना चाहिए। लक्ष्य केवल एक पड़ाव नहीं, बल्कि निरंतर आगे बढ़ने की यात्रा है। उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल डॉक्टर बनना नहीं, बल्कि डॉक्टर बनकर समाज के लिए अच्छा कार्य करना होना चाहिए।

विजय शर्मा ने कहा कि जिस परिवार और समाज ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया है, उसके प्रति सेवा का भाव हमेशा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की तैयारी निरंतर जारी रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के दौरान अनावश्यक तनाव नहीं लेना चाहिए। सफलता किसी एक व्यक्ति का परिणाम नहीं होती, बल्कि परिवार और अन्य लोगों के संयुक्त प्रयासों से हासिल होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अच्छे डॉक्टर बनने के साथ समाज की सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

सांसद संतोष पाण्डेय ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से कवर्धा में मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच का शुभारंभ हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जा रहा है।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन मेहनत के बाद मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने में सफलता हासिल की है, लेकिन यह अंत नहीं बल्कि शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति डॉक्टर के पास पहुंचता है तो उसके मन में स्वस्थ होने की उम्मीद होती है। ऐसे में चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा भाव और संवेदनशीलता सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने प्रथम बैच के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी तैयारी, पढ़ाई की दिनचर्या, कोचिंग के अनुभव और प्रवेश परीक्षा से जुड़े अनुभवों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी खुलकर अपनी तैयारी और सफलता की कहानी साझा की। कुछ विद्यार्थियों ने ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से तैयारी की, जबकि कुछ ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन को अपनी तैयारी का आधार बनाया।

संवाद के दौरान राजनांदगांव निवासी अतिथि देवांगन ने बताया कि वह दूसरे प्रयास में सफल हुईं। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने उन्हें कभी निराश नहीं होने दिया और गलतियों को पहचानकर सुधार करने के साथ लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। भूपेंद्र सिंह ने ऑनलाइन कोचिंग से तैयारी की, जबकि कवर्धा के धरमपुरा निवासी आकाश धुर्वे ने लाइब्रेरी में स्व-अध्ययन के जरिए सफलता हासिल की। भिलाई निवासी हर्षिता तीसरे प्रयास में सफल हुईं। वहीं भिलाई निवासी अंशिता सिंह के पिता ने बताया कि बेटी की तैयारी में उन्होंने मार्गदर्शन के साथ मॉक टेस्ट में भी सहयोग किया। उन्होंने कहा कि भिलाई का पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल भी तैयारी में सहायक रहा।

उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी दैनिक पढ़ाई और किताबों तथा डिजिटल स्क्रीन के उपयोग को लेकर भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने बताया कि वे करीब 8 घंटे पुस्तकों से और 3 से 4 घंटे डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से पढ़ाई करते थे। एक विद्यार्थी ने किताब और स्क्रीन के उपयोग का अनुपात 50-50 प्रतिशत बताया। ऑनलाइन कक्षाओं के कारण कुछ विद्यार्थियों को रोज 7 से 8 घंटे तक स्क्रीन पर पढ़ाई करनी पड़ती थी।

संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से प्रवेश परीक्षा के अनुभव भी पूछे। विद्यार्थियों ने परीक्षा के स्तर, तैयारी के दौरान आई चुनौतियों और सफलता तक पहुंचने के अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर राजेन्द्र चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, अधिष्ठाता डॉ. प्रतिभा जैन शाह, सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र तूरे सहित जनप्रतिनिधि और डॉक्टर उपस्थित रहे।


Related Articles