Raipur News : ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’… PM आवास पर डिबेट के बाद भूपेश बघेल का विजय शर्मा पर निशाना

Raipur News : ‘अगली बार किसी समझदार को भेजना’… PM आवास पर डिबेट के बाद भूपेश बघेल का विजय शर्मा पर निशाना

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा के बीच खुली बहस हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आंकड़ों को लेकर दोनों नेताओं के बीच जमकर बहस हुई। डिबेट के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर वार-पलटवार का दौर शुरू हो गया है।

डिबेट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर डिप्टी सीएम विजय शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “अगली बार किसी समझदार को भेजना।” इसके साथ ही उन्होंने “छोटा रिचार्ज” को रील के लिए ही ठीक बताया।

इसके जवाब में भाजपा की ओर से पोस्टर जारी किया गया। भाजपा ने पोस्टर के जरिए कांग्रेस और भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए लिखा, “हवाबाजी का हुआ बंटाधार, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।” भाजपा की ओर से एक अन्य पोस्टर भी जारी किया गया, जिसमें लिखा गया, “तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”

बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच ओपन डिबेट तय की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोनों नेता रायपुर प्रेस क्लब पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मुद्दों और आंकड़ों को लेकर आमने-सामने बहस हुई।

ओपन डिबेट खत्म होने के बाद दोनों दलों के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने दावों और आंकड़ों को सही बताते हुए एक-दूसरे पर राजनीतिक निशाना साध रहे हैं।


Related Articles